50 वर्षों की विरासत के साथ आधुनिक तकनीक की नई उड़ान भर रहा है मेहर सिनेमा

35,000 ल्यूमेंस क्रिस्टी लेजर 4K तकनीक से सुसज्जित हुआ आगरा का प्रतिष्ठित सिनेमाघर

1977 में जेम्स बॉन्ड फिल्म ‘डायमंड्स आर फॉरएवर’ से हुई थी शुरुआत, आगरा के पहले चिल्ड्रन्स फिल्म फेस्टिवल का भी बना था साक्षी

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। शहर की सिनेमा संस्कृति का अभिन्न हिस्सा बन चुका बालूगंज स्थित मेहर सिनेमा अपनी 50 वर्षों की गौरवशाली यात्रा के साथ आधुनिक तकनीक के नए युग में प्रवेश कर चुका है। पांच दशकों से लाखों दर्शकों की यादों का हिस्सा रहे इस प्रतिष्ठित सिनेमाघर को अब अत्याधुनिक 35,000 ल्यूमेंस क्रिस्टी लेजर 4K प्रोजेक्शन सिस्टम से सुसज्जित किया गया है। शुक्रवार को आयोजित समारोह में नई तकनीक से संबंधित पोस्टर का विमोचन किया गया।

मेहर सिनेमा के निदेशक मेहर प्रसाद अग्रवाल एवं आयुष अग्रवाल ने बताया कि समय के साथ स्वयं को आधुनिक बनाना ही संस्थान की पहचान रही है। नवीनतम लेजर 4K तकनीक पारंपरिक प्रोजेक्शन सिस्टम की तुलना में अधिक ब्राइटनेस, बेहतर कंट्रास्ट, प्राकृतिक रंगों की सटीकता और अल्ट्रा-शार्प इमेज क्वालिटी प्रदान करती है, जिससे दर्शकों को विश्वस्तरीय सिनेमाई अनुभव मिलेगा।

उन्होंने बताया कि मेहर सिनेमा की स्थापना 29 सितंबर 1977 को विश्व प्रसिद्ध जेम्स बॉन्ड श्रृंखला की फिल्म ‘डायमंड्स आर फॉरएवर’ के प्रदर्शन के साथ हुई थी। उस समय पांच रुपये के टिकट पर दर्शक फिल्म देखने आते थे। आधुनिक निर्माण शैली, विशाल स्क्रीन और उत्कृष्ट प्रस्तुति के कारण मेहर सिनेमा शीघ्र ही आगरा एवं आसपास के क्षेत्रों के फिल्म प्रेमियों का पसंदीदा केंद्र बन गया।

मेहर सिनेमा की एक विशेष पहचान यह भी रही कि स्थापना के बाद शुरुआती दो वर्षों तक यहां केवल विदेशी फिल्मों का प्रदर्शन किया गया। वर्ष 1979 में आगरा का पहला चिल्ड्रन्स फिल्म फेस्टिवल भी मेहर सिनेमा में आयोजित हुआ था, जो लगातार तीन सप्ताह तक चला और बच्चों व परिवारों में गुणवत्तापूर्ण सिनेमा के प्रति नई रुचि विकसित करने में सफल रहा।

प्रबंधक योगेंद्र मलिक ने बताया कि अत्याधुनिक लेजर 4K प्रोजेक्शन के साथ सिनेमाघर में डॉल्बी 7.1 सराउंड साउंड सिस्टम भी स्थापित है, जो दर्शकों को चारों दिशाओं से आने वाली ध्वनि का वास्तविक अनुभव प्रदान करता है। वहीं हार्कनेस मल्टी गेन स्क्रीन के कारण थिएटर की प्रत्येक सीट से स्पष्ट और उच्च गुणवत्ता वाली तस्वीर दिखाई देती है। पूरा परिसर सेंट्रली एयर कंडीशंड एवं आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित है।

आयुष अग्रवाल ने बताया कि दर्शकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सीटों के बीच पर्याप्त लेग स्पेस उपलब्ध कराया गया है। साथ ही गोल्ड और सिल्वर श्रेणी की आरामदायक सीटिंग व्यवस्था की गई है, जिससे दर्शकों को प्रीमियम अनुभव प्राप्त हो सके।

मेहर प्रसाद अग्रवाल ने कहा कि मेहर सिनेमा केवल एक सिनेमाघर नहीं, बल्कि आगरा की सांस्कृतिक विरासत और लाखों लोगों की भावनाओं का हिस्सा है। यहां कई पीढ़ियों ने अपने परिवारों के साथ यादगार पल बिताए हैं। उन्होंने कहा कि 50 वर्षों की यह यात्रा दर्शकों के विश्वास, स्नेह और सहयोग का परिणाम है तथा आधुनिक तकनीक के साथ मेहर सिनेमा भविष्य में भी श्रेष्ठ सिनेमाई अनुभव प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।