हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अनुसूचित जाति विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश कांग्रेस के नवनियुक्त प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम का बुधवार को उत्तर प्रदेश के प्रथम दौरे के दौरान आगरा के रहनकलां टोल प्लाजा पर जोरदार स्वागत किया गया। अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव नम्रता दान के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने उनका फूल-मालाओं के साथ स्वागत किया।
इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। स्वागत के दौरान कांग्रेस पार्टी और उसके शीर्ष नेतृत्व के समर्थन में नारे लगाए गए। बड़ी संख्या में मौजूद कार्यकर्ताओं ने प्रदेश में राजनीतिक बदलाव का संकल्प दोहराया।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए राजेंद्र पाल गौतम ने उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था और शासन व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में दलितों, महिलाओं और वंचित वर्गों के साथ अन्याय की घटनाएं बढ़ी हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता परिवर्तन चाहती है और कांग्रेस सामाजिक न्याय तथा लोकतांत्रिक मूल्यों की लड़ाई को मजबूती से आगे बढ़ाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गाँधी के नेतृत्व में देश और प्रदेश में बड़े राजनीतिक बदलाव की तैयारी चल रही है।
अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव नम्रता दान ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता सामाजिक न्याय, समानता और सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि उत्तर प्रदेश में बदलाव की शुरुआत हो चुकी है और पार्टी संगठन को और अधिक मजबूत किया जाएगा।
कार्यक्रम में आगरा महानगर अध्यक्ष अमित सिंह दिवाकर, जिलाध्यक्ष रामनाथ सिकरवार, पूर्व जिलाध्यक्ष देवेंद्र चिल्लू, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अश्विनी जैन, मनोज बोहरा, पीसीसी सदस्य शानू खान, उमेश जोशी, शीनू खान, शैफ खान, रफीक उर्फ बिट्टा, शब्बू खान वारसी, जीशान खान, संदीप पांडेय और नासिर जलील सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे।


