कासगंज को जल्द मिलेगा नया औद्योगिक क्षेत्र,प्रोसेसिंग यूनिट्स की अपार संभावनाएं : राकेश गर्ग

 


हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

कासगंज। उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम लिमिटेड के अध्यक्ष एवं दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री राकेश गर्ग ने कहा कि प्रदेश सरकार एमएसएमई उद्यमियों को हरसंभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है। कासगंज में जल्द ही नवीन औद्योगिक क्षेत्र (इंडस्ट्रियल एस्टेट) विकसित किया जाएगा तथा लैंड बैंक का विस्तार कर उद्यमियों को प्लग एंड प्ले पार्क की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

वृक्षारोपण कार्यक्रम के बाद लघु उद्योग भारती, कासगंज द्वारा आयोजित उद्यमियों की बैठक में उन्होंने कहा कि सरकार की 'एक जिला एक उत्पाद' (ODOP) और 'एक जिला एक व्यंजन' जैसी योजनाएं स्थानीय उद्योगों को नई पहचान देंगी। उद्यमियों ने कासगंज में औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने और फूड प्रोसेसिंग को बढ़ावा देने की मांग रखी।

प्रदेश सचिव मनीष अग्रवाल ने कहा कि मटर, प्याज और आम के बड़े उत्पादन के कारण कासगंज में फूड प्रोसेसिंग, डेयरी, कोल्ड स्टोरेज और आयुर्वेद उद्योगों की अपार संभावनाएं हैं। सरकार प्रोसेसिंग यूनिट्स पर 35 प्रतिशत तक अनुदान दे रही है।

टीटीजेड अथॉरिटी के सदस्य विजय गुप्ता ने पर्यावरण संरक्षण के साथ कम प्रदूषण वाले उद्योगों को बढ़ावा देने पर बल दिया, जबकि ब्रज संभाग महासचिव अमलेंदु शर्मा ने बेहतर सड़क संपर्क और निर्यात की संभावनाओं को कासगंज की बड़ी ताकत बताया।

बैठक में उमाशंकर शर्मा, गौरीशंकर शर्मा, सुबोध मित्तल, दीपक गोयल, वैभव बिरला, गोपाल महेश्वरी, धर्मवीर गहलोत, रजत गुप्ता, सुधीर शर्मा, अनिल गुप्ता, अरुण माहेश्वरी और चंद्रकांत महेश्वरी सहित अनेक उद्यमी उपस्थित रहे।