हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। यमुना किनारा,बेलनगंज स्थित प्राचीन श्री जगन्नाथ महाराज मंदिर में शनिवार को रथयात्रा महोत्सव के आमंत्रण पत्र का विमोचन किया गया। इसके साथ ही 48 वर्ष पुरानी रथयात्रा परंपरा का विधिवत शुभारंभ हो गया।
मंदिर के सेवायत पं. लक्ष्मण शर्मा ने बताया कि 14 जुलाई को भगवान श्री जगन्नाथ के नवयौवन दर्शन एवं नयन उत्सव का आयोजन होगा। प्रातः महा हवन एवं विशेष पूजा के बाद सायं 4 बजे से रात्रि 10 बजे तक श्रद्धालु भगवान के नवयौवन स्वरूप के दर्शन कर सकेंगे।
मंदिर की मुखिया सरिता शर्मा ने बताया कि 16 जुलाई को सायं 4 बजे से रात्रि 11 बजे तक रथयात्रा दर्शन होंगे। सायं 7 बजे से रात्रि 10 बजे तक महाप्रसादी का वितरण किया जाएगा।
सीए राकेश अग्रवाल एवं संजीव अग्रवाल ने बताया कि लगभग 200 वर्ष पुराने इस मंदिर से वर्ष 1978 में आगरा की पहली श्री जगन्नाथ रथयात्रा निकाली गई थी। नगर भ्रमण में प्रयुक्त ऐतिहासिक रथ आज भी मंदिर परिसर में सुरक्षित रखा गया है। उन्होंने बताया कि पुरी के बाद आगरा का यह पहला प्राचीन श्री जगन्नाथ मंदिर माना जाता है, जहां आज भी परंपरागत रीति-रिवाजों से पूजा-अर्चना एवं उत्सव आयोजित किए जाते हैं।
कार्यक्रम में श्रद्धालुओं से बड़ी संख्या में महोत्सव में शामिल होकर नवयौवन दर्शन, रथयात्रा दर्शन एवं महाप्रसादी का लाभ लेने का आह्वान किया गया। इस अवसर पर आनंद अग्रवाल, तरंग सिंघल, पवन सिंघल, आदर्श नंदन गुप्त, सारंग सिंघल, चिराग शर्मा, स्नेहा शर्मा सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।

