हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। भारतीय किसान यूनियन (भानू) के महिला मोर्चा की नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष गीता ठाकुर का पदभार ग्रहण एवं स्वागत समारोह रविवार को वाटर वर्क्स स्थित अतिथिवन में आयोजित हुआ। समारोह में संगठन पदाधिकारियों ने उनका स्वागत कर नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
पदभार ग्रहण करने के बाद गीता ठाकुर ने कहा कि किसान देश का अन्नदाता है, लेकिन आज भी उसे अपेक्षित सम्मान नहीं मिल रहा है। उन्होंने बताया कि महिला मोर्चा गांव-गांव संगठन का विस्तार करेगा तथा शादी-विवाह और अन्य आयोजनों में अन्न की बर्बादी रोकने के लिए जनजागरण अभियान चलाएगा।
कार्यक्रम में भारतीय किसान यूनियन (भानू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर भानु प्रताप सिंह ने बड़ा राजनीतिक ऐलान करते हुए कहा कि किसान क्रांति दल आगामी विधानसभा, लोकसभा और जिला पंचायत चुनावों में अपने प्रत्याशी उतारेगा। उन्होंने कहा कि किसानों की आवाज सीधे सदनों तक पहुंचाने के लिए राजनीतिक भागीदारी जरूरी है।
भानु प्रताप सिंह ने केंद्र सरकार से किसान आयोग के गठन, किसानों की भागीदारी से न्यूनतम समर्थन मूल्य तय करने तथा किसानों के कर्ज माफ करने की मांग दोहराई। उन्होंने कहा कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन को तेज किया जाएगा।
कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष पूनम चौहान तथा राष्ट्रीय वरिष्ठ महामंत्री एनपी सिंह ने भी किसानों के हितों की रक्षा और महिला शक्ति को संगठन से जोड़ने पर बल दिया।
इस अवसर पर निधि शर्मा, गीता भाटी, वंदना सिंह ठाकुर, दीपक सिंह, राष्ट्रीय प्रवक्ता उदयवीर सिंह यादव, महिपाल सिंह यादव, शिव सिंह, सौरभ तिवारी, देव ठाकुर, सुमित उपाध्याय, तरुण गुप्ता, गौरव शर्मा, शुभम आनंद, रोहित दिवाकर, शैलेश कठेरिया, अश्विनी शर्मा, मुरारी कुशवाहा आदि उपस्थित रहे।

