हरिनाम संकीर्तन के साथ निकली श्रीजगन्नाथ रथयात्रा की आमंत्रण यात्रा


हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। इस्कॉन मंदिर की ओर से 16 जुलाई को बल्केश्वर महादेव मंदिर से आयोजित होने वाली श्रीजगन्नाथ रथयात्रा के लिए रविवार को हरिनाम संकीर्तन करते हुए भव्य आमंत्रण यात्रा निकाली गई। करकुंज चौराहे से प्रारंभ हुई यात्रा कारगिल पेट्रोल पंप होते हुए पश्चिमपुरी चौराहे तक पहुंची।

मृदंग, मंजीरे और ढोलक की मधुर धुनों पर श्रद्धालु "हरे राम, हरे कृष्ण" का संकीर्तन करते हुए पूरे मार्ग में भक्तिमय वातावरण बनाते रहे। भगवान श्रीजगन्नाथ, बहन सुभद्रा और भाई बलराम के विग्रह के साथ निकली यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पीले वस्त्र धारण किए भक्तों के हाथों में भगवा ध्वज लहरा रहे थे और भजन-कीर्तन के बीच श्रद्धालु नृत्य करते हुए रथयात्रा का निमंत्रण दे रहे थे।

यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर स्थानीय नागरिकों एवं सामाजिक संगठनों ने पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया। हरिनाम संकीर्तन और जयघोष से पूरा मार्ग भक्तिरस में सराबोर हो गया।

इस अवसर पर हिमांशु गुप्ता, केएन सिंघल, शैलेन्द्र अग्रवाल, नितेश अग्रवाल एवं विकास बंसल (लड्डू भाई) सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।