हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा, 12 जुलाई। पालीवाल पार्क में रविवार को आगरा उत्तर के विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल की मौजूदगी में हरित विकास, वृक्षारोपण और पर्यावरण संरक्षण को लेकर बैठक हुई। इस दौरान वृक्षारोपण भी किया गया तथा शहर में पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव रखे गए।
बैठक में पालीवाल पार्क समेत शहर के प्रमुख पार्कों में प्रत्येक वृक्ष पर नाम पट्टिका और QR कोड लगाने का प्रस्ताव रखा गया, जिससे मोबाइल स्कैन करते ही वृक्ष की वैज्ञानिक, औषधीय एवं पर्यावरणीय जानकारी मिल सके। साथ ही युवाओं को प्रकृति से जोड़ने के लिए "नेचर गाइड" प्रशिक्षण शुरू करने और पार्कों में नियमित "नेचर वॉक" आयोजित करने का सुझाव दिया गया।
बैठक में विलायती बबूल (प्रोसोपिस जुलीफ्लोरा) जैसी आक्रामक विदेशी प्रजाति को चरणबद्ध तरीके से हटाकर देशज वृक्षों और झाड़ियों का रोपण करने पर भी जोर दिया गया। विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने आगामी नेचर वॉक में शामिल होने की सहमति देते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण में जनभागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है और हरित एवं स्वच्छ आगरा के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा।
कार्यक्रम में उद्यान अधीक्षक रजनीश पांडेय,अधिवक्ता के.सी. जैन, जिला उद्यान अधिकारी तथा अन्य पर्यावरण प्रेमी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
रिपोर्ट : असलम सलीमी

