हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा, 6 अगस्त। जनकपुरी महोत्सव-2026 की तैयारियों को बुधवार को उस समय नया उत्साह मिला, जब भावना एस्टेट स्थित केंद्रीय कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में महाआरती के साथ धार्मिक एवं सामाजिक समरसता का संदेश दिया गया। वहीं पूर्व जनकपुरी कमेटी कमला नगर-2025 ने होटल सेलिब्रेशन में आयोजन समिति का भव्य स्वागत एवं सम्मान कर महोत्सव को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्रीराम एवं माता जानकी के जयघोष के बीच मुख्य अतिथि मधु बघेल द्वारा महाआरती के साथ हुआ। उन्होंने कहा कि जनकपुरी महोत्सव केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और सामाजिक एकता का विराट उत्सव है। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ती है तथा समाज में प्रेम, सौहार्द और भाईचारे की भावना मजबूत होती है।
इससे पूर्व पूर्व जनकपुरी कमेटी कमला नगर-2025 की ओर से कमला नगर स्थित होटल सेलिब्रेशन में आयोजन समिति का भव्य स्वागत किया गया। पूर्व अध्यक्ष मुरारी लाल अग्रवाल, पार्षद पंकज अग्रवाल, गौरव परमार, केपी सिंह यादव, अनिल अग्रवाल, संतोष मित्तल, नितिन कोहली, प्रमोद यादव, राजीव यादव, दीपक गुप्ता तथा रंजू यादव ने आयोजन समिति के पदाधिकारियों का माल्यार्पण एवं पटका पहनाकर सम्मान किया। सभी ने महोत्सव को ऐतिहासिक, भव्य एवं जनसहभागिता वाला आयोजन बनाने में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया।
जनकपुरी आयोजन समिति के अध्यक्ष राजू यादव ने सभी अतिथियों एवं पूर्व जनकपुरी कमेटी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस वर्ष महोत्सव को पहले से अधिक भव्य, आकर्षक और सुव्यवस्थित स्वरूप दिया जाएगा। महामंत्री मनोज जादौन एवं महामंत्री हितेश लवानियां ने बताया कि विभिन्न समितियां अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन कर रही हैं तथा जनसहयोग लगातार बढ़ रहा है।
कार्यक्रम में मुख्य समन्वयक धर्मेश जैन, कोषाध्यक्ष आकाश गोयल 'ग्वाला', मीडिया प्रभारी राणा सुशील सिंह तथा नरेंद्र सिंह सेंगर सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

