हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। महान पार्श्व गायक मोहम्मद रफी की पुण्यतिथि पर रॉयल म्यूजिक क्लासेस द्वारा अर्जुन नगर स्थित कार्यालय में 'यादें रफ़ी' श्रद्धांजलि संगीत संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ नित्या शर्मा ने सरस्वती वंदना से किया। रॉयल म्यूजिक के प्रबंधक प्रवीण रावत ने अतिथियों का स्वागत किया।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए सुशील सरित ने मोहम्मद रफ़ी के संगीत सफर पर प्रकाश डालते हुए बताया कि उन्होंने मात्र 13 वर्ष की आयु में अपना पहला मंचीय कार्यक्रम प्रस्तुत किया था और अपने करियर में लगभग 26 हजार गीतों को स्वर देकर संगीत जगत में अमिट पहचान बनाई।
मुख्य अतिथि आगरा कॉलेज के संगीत विभाग की प्रोफेसर आन्शवना सक्सेना ने कहा कि मोहम्मद रफ़ी की मधुर आवाज़ सदियों तक संगीत प्रेमियों के दिलों में जीवित रहेगी। उन्होंने "तेरी आँखों के सिवा दुनिया में रखा क्या है..." गीत प्रस्तुत कर श्रोताओं को भाव-विभोर कर दिया।
कार्यक्रम में मोहित अग्रवाल, काशी, गुड्डू भाई, भास्कर शुक्ला, आशीष त्रिपाठी, लक्षिता महाजन, डॉ. संजीव बोहरा, डॉ. असीम आनंद और हरीश अग्रवाल ने रफ़ी के लोकप्रिय गीतों की शानदार प्रस्तुतियाँ दीं।
इस अवसर पर शहर के प्रख्यात गायक अमान खान का सम्मान भी किया गया। उन्होंने रफ़ी साहब के लोकप्रिय गीत "तुम मुझे यूँ भुला न पाओगे..." प्रस्तुत कर श्रोताओं की खूब सराहना बटोरी।
कार्यक्रम के अंत में रॉयल म्यूजिक के संचालक एवं कलाकार पप्पू खान ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मोहम्मद रफ़ी जैसे महान गायक अपनी अमर आवाज़ के माध्यम से आने वाली पीढ़ियों को भी प्रेरित करते रहेंगे। इस अवसर पर चंद्रशेखर शर्मा, सुधीर शर्मा, हरीश भदौरिया सहित अनेक संगीत प्रेमी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट : असलम सलीमी



