पलिया शाहबदी में मियावाकी पद्धति से बनेगा ‘संजीवनी उपवन’,सीएसआर फंड से विकसित होगा जानकी जलाशय

 


नगर निगम अयोध्या और आईपीएल की संयुक्त पहल,दो वर्षों में पूरी होगी परियोजना

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

अयोध्या। नगर निगम अयोध्या और आईपीएल (इंडिया पेस्टिसाइड्स लिमिटेड) की संयुक्त पहल से सीएसआर फंड के माध्यम से पलिया शाहबदी क्षेत्र में मियावाकी पद्धति पर आधारित ‘संजीवनी उपवन’ तथा ‘जानकी जलाशय’ का विकास किया जाएगा। परियोजना का शुभारंभ मंगलवार को भूमि पूजन के साथ हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने की। मुख्य अतिथि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचारक कौशल किशोर तथा विशिष्ट अतिथि राज्य सूचना आयुक्त पी.एन. द्विवेदी रहे।

भूमि पूजन के अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचारक कौशल किशोर ने कहा कि रामनगरी को अधिक हरित और पर्यावरणीय दृष्टि से समृद्ध बनाने की दिशा में यह परियोजना एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि प्रकृति संरक्षण केवल सरकार की नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है और जनसहभागिता से ही ऐसे प्रयास सफल हो सकते हैं।

महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने कहा कि नगर निगम शहर और आसपास के क्षेत्रों में हरित आवरण बढ़ाने के लिए निरंतर छोटे-बड़े उपवन विकसित कर रहा है। मियावाकी पद्धति से तैयार होने वाला संजीवनी उपवन कम स्थान में घना वन विकसित करने के साथ जैव विविधता को बढ़ावा देगा और पर्यावरण संरक्षण में प्रभावी भूमिका निभाएगा। वहीं, जानकी जलाशय वर्षा जल संरक्षण, भूजल संवर्धन तथा स्थानीय पारिस्थितिकी को सुदृढ़ करने में सहायक सिद्ध होगा।

राज्य सूचना आयुक्त पी.एन. द्विवेदी ने कहा कि जानकी जलाशय जल संरक्षण के क्षेत्र में एक प्रेरणादायी मॉडल बनेगा, जो पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान देगा।

कार्यक्रम का संचालन आईपीएल संस्था की ओर से पवन पांडे ने किया। उन्होंने बताया कि परियोजना को चरणबद्ध तरीके से लगभग दो वर्षों में पूरा किया जाएगा। भूमि पूजन के साथ ही निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया गया है और निर्धारित समय सीमा में इसे पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है।

इस अवसर पर इंडिया पेस्टिसाइड्स लिमिटेड के निदेशक विश्वास स्वरूप अग्रवाल, कंपनी के सीएसआर निदेशक रामकृष्ण सुब्रमण्यम सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में रामकृष्ण सुब्रमण्यम ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।