हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ की जिला इकाई ने खंदौली ब्लॉक में संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से नए ब्लॉक अध्यक्ष और ब्लॉक मंत्री की घोषणा की है। प्रदेश अध्यक्ष सुशील पाण्डेय के अनुमोदन एवं जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र कसाना की अनुमति से यह मनोनयन किया गया।
इसके तहत नगला धमाली के सहायक अध्यापक दुर्गेश सारस्वत को ब्लॉक अध्यक्ष तथा संविलियन विद्यालय सवेरा के सहायक अध्यापक सुमित कुमार को ब्लॉक मंत्री बनाया गया है।
जिला मंत्री बृजेश दीक्षित ने दोनों पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ब्लॉक स्तर पर संगठन की मजबूती से ही शिक्षकों के हितों की प्रभावी ढंग से रक्षा की जा सकती है। उन्होंने विश्वास जताया कि दोनों पदाधिकारी संगठन की मर्यादा और अनुशासन का पालन करते हुए शिक्षकों की वेतन, पदोन्नति, स्थानांतरण, सेवा सुरक्षा सहित अन्य समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
उन्होंने कहा कि नए पदाधिकारी सदस्यता अभियान को गति देने, निष्क्रिय सदस्यों को सक्रिय करने और संगठन की नीतियों एवं संघर्षों के प्रति शिक्षकों को जागरूक करने का कार्य भी प्राथमिकता से करेंगे। जिला इकाई ने सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों से नए नेतृत्व को सहयोग देने की अपील की है, ताकि संगठन को और अधिक सशक्त बनाया जा सके।

