“कैंसर स्क्रीनिंग ऑन व्हील्स” पहल की शुरुआत, महिलाओं के स्वास्थ्य और जागरूकता पर जोर
हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
नई दिल्ली, 22 मई। National Commission for Women (NCW) और SHEWings Foundation द्वारा विश्व मासिक धर्म स्वच्छता सप्ताह 2026 के अवसर पर एनसीडब्ल्यू ऑडिटोरियम, नई दिल्ली में मासिक धर्म स्वास्थ्य एवं महिला कल्याण विषय पर विशेष राष्ट्रीय संवाद का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं तक स्वास्थ्य सेवाएं अंतिम स्तर तक पहुंचाने के उद्देश्य से “कैंसर स्क्रीनिंग ऑन व्हील्स” पहल की शुरुआत भी की गई।
मोबाइल स्क्रीनिंग बस का उद्घाटन केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री Savitri Thakur, एनसीडब्ल्यू अध्यक्ष विजया राठौर एनएचपीसी वूमेन्स क्लब की अध्यक्ष शिखा गुप्ता तथा SHE Wings के संस्थापक मदन मोहित भारद्वाज ने संयुक्त रूप से किया। यह बस दूरस्थ और वंचित क्षेत्रों की महिलाओं को उनके घर के पास ही सर्वाइकल कैंसर, स्तन कैंसर एवं अन्य स्वास्थ्य समस्याओं की जांच और जागरूकता सेवाएं उपलब्ध कराएगी।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य विशेषज्ञों, शिक्षकों, सामाजिक नेताओं और युवाओं ने भाग लेते हुए मासिक धर्म स्वच्छता, गरिमा और निवारक स्वास्थ्य सेवाओं के महत्व पर चर्चा की। केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर ने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं तक स्वास्थ्य सेवाएं और मासिक धर्म संबंधी जागरूकता पहुंचाना एक स्वस्थ एवं सशक्त समाज के निर्माण के लिए आवश्यक है।
एनसीडब्ल्यू अध्यक्ष विजया राहतकर ने कहा कि “पीरियड्स शर्म नहीं बल्कि एक प्राकृतिक जैविक प्रक्रिया हैं। समाज को चुप्पी से जागरूकता और कलंक से सम्मान की ओर बढ़ना होगा।” वहीं SHE Wings के संस्थापक मदन मोहित भारद्वाज ने कहा कि “कैंसर स्क्रीनिंग ऑन व्हील्स” पहल महिलाओं तक जागरूकता और स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
रिपोर्ट : अश्वनी श्रीवास्तव



