उत्तर प्रदेश फूड एक्सपो एंड कॉनक्लेव 2026 की हुई घोषणा



14 से 16 जून तक जेपी पैलेस में जुटेंगी 150 से अधिक कंपनियां

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। चेंबर ऑफ फूड प्रोसेसिंग इंडस्ट्रीज एसोसिएशन की ओर से बुधवार को होटल हॉलिडे इन में "उत्तर प्रदेश फूड एक्सपो एंड कॉनक्लेव 2026" की घोषणा की गई। आयोजन 14, 15 और 16 जून को होटल जेपी पैलेस में प्रतिदिन सुबह 11 बजे से शाम 6 बजे तक आयोजित होगा।

आयोजकों ने बताया कि तीन दिवसीय एग्जीबिशन एवं कॉन्फ्रेंस में सात राज्यों की 150 से अधिक कंपनियां फूड प्रोसेसिंग मशीनरी, पैकेजिंग तकनीक, कोल्ड चेन, वेयरहाउसिंग और नवाचार से जुड़े उत्पादों एवं सेवाओं का प्रदर्शन करेंगी। कार्यक्रम में केंद्र एवं प्रदेश सरकार के विभिन्न विभागों के अधिकारियों के विशेष सत्र भी आयोजित होंगे।

चेंबर के अध्यक्ष राजकुमार भगत ने बताया कि एक्सपो में फूड प्रोसेसिंग उद्योग से जुड़े उद्यमियों के लिए ज्ञानवर्धक तकनीकी सत्र आयोजित किए जाएंगे। उपायुक्त उद्योग शैलेंद्र सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार की "एक जनपद-एक व्यंजन" (ओडीओसी) योजना का प्रमुखता से प्रदर्शन किया जाएगा।

नेशनल चैंबर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड कॉमर्स के अध्यक्ष मनोज बंसल ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कृषि आधारित उद्योगों की अपार संभावनाएं हैं, जबकि लघु उद्योग भारती के जिलाध्यक्ष विजय गुप्ता ने फूड प्रोसेसिंग क्षेत्र को तेजी से उभरता हुआ क्षेत्र बताया। आगरा कोल्ड स्टोरेज ओनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष भूवेश अग्रवाल ने कोल्ड चेन एवं वेयरहाउसिंग की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।

आयोजन में बैंकिंग संस्थानों द्वारा उद्यमियों को ऋण एवं सब्सिडी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी तथा फूड सेक्टर में उत्कृष्ट कार्य करने वाली इकाइयों को सम्मानित भी किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार इस आयोजन का उद्देश्य पश्चिमी उत्तर प्रदेश के खाद्य प्रसंस्करण उद्योग को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना और स्थानीय उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाना है।

उद्घोषणा समारोह में राजकुमार भगत, शैलेंद्र सिंह, मनोज बंसल, विजय गुप्ता, भूवेश अग्रवाल, अनुज सिंघल, मनीष कुमार अग्रवाल सहित विभिन्न औद्योगिक संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।