फूड एक्सपो एंड कॉन्क्लेव 2026 का आगाज,स्मारिका का भव्य विमोचन

14 से 16 जून तक होटल जेपी पैलेस में जुटेंगे देशभर के फूड प्रोसेसिंग विशेषज्ञ

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। चैंबर ऑफ फूड प्रोसेसिंग इंडस्ट्री एसोसिएशन (सीएफपीआईए) द्वारा आयोजित फूड एक्सपो एंड कॉन्क्लेव 2026 के अंतर्गत फतेहाबाद रोड स्थित होटल जेपी पैलेस में स्मारिका विमोचन एवं "स्वस्थ जीवनशैली का आधार : भोजन से आरोग्य की ओर" विषय पर विशेष सत्र आयोजित किया गया। कार्यक्रम दो सत्रों में सम्पन्न हुआ, जिसमें स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने संतुलित आहार और स्वस्थ जीवनशैली पर महत्वपूर्ण सुझाव दिए तथा दूसरे सत्र में फूड एक्सपो की स्मारिका का विमोचन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। इस अवसर पर हेल्थ एंड वेलनेस कोच रुचिरा ढल, डाइटिशियन पायल सेठ, सीएफपीआईए के अध्यक्ष राजकुमार भगत, आगरा सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष नितेश अग्रवाल, उपाध्यक्ष अनुज सिंघल, सचिव विकास चतुर्वेदी, उपाध्यक्ष आशीष गर्ग, शैलेंद्र अग्रवाल, सिद्धार्थ अग्रवाल, अभिषेक चौरसिया, संदीप काइला एवं सीए आरके जैन उपस्थित रहे।

सीएफपीआईए अध्यक्ष राजकुमार भगत ने बताया कि 14 से 16 जून तक होटल जेपी पैलेस में आयोजित होने वाले फूड एक्सपो एंड कॉन्क्लेव 2026 का शुभारंभ 14 जून को केंद्रीय मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल एवं प्रदेश के प्रभारी मंत्री भूपेंद्र चौधरी करेंगे। तीन दिवसीय आयोजन में सात राज्यों की 150 से अधिक कंपनियां फूड प्रोसेसिंग मशीनरी, पैकेजिंग टेक्नोलॉजी, कोल्ड चेन, वेयरहाउसिंग, फूड सेफ्टी एवं आधुनिक तकनीकों से जुड़े उत्पादों और सेवाओं का प्रदर्शन करेंगी।

एक्सपो के दौरान भारत सरकार एवं उत्तर प्रदेश सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के विशेष सत्र, बैंकिंग एवं वित्तीय संस्थानों द्वारा ऋण एवं निवेश योजनाओं की जानकारी, फूड सेक्टर में उत्कृष्ट कार्य करने वाली इकाइयों का सम्मान समारोह तथा राष्ट्रीय विशेषज्ञों द्वारा तकनीकी सत्र आयोजित किए जाएंगे।

हेल्थ एंड वेलनेस कोच रुचिरा ढल ने कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए संतुलित भोजन के साथ गुणवत्तापूर्ण नींद, पर्याप्त जल सेवन और नियमित व्यायाम आवश्यक है। उन्होंने भोजन के समय सकारात्मक वातावरण बनाए रखने और प्रतिदिन छह से आठ घंटे की नींद लेने की सलाह दी।

डाइटिशियन पायल सेठ ने कहा कि भोजन केवल पेट भरने का साधन नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवन का आधार है। उन्होंने फल, सब्जियों एवं मोटे अनाजों के सेवन को बढ़ाने तथा तैलीय एवं अत्यधिक मसालेदार भोजन से बचने की सलाह देते हुए कहा कि "सबसे बड़ी संपत्ति स्वस्थ शरीर और शांत मन है।"

कार्यक्रम के दूसरे सत्र में फूड एक्सपो एंड कॉन्क्लेव 2026 की स्मारिका का विमोचन किया गया। स्मारिका का संपादन वरिष्ठ पत्रकार तनु गुप्ता द्वारा किया गया है। उन्होंने बताया कि इसमें ब्रज क्षेत्र के खाद्य प्रसंस्करण उद्योग से जुड़े प्रतिष्ठित ब्रांडों एवं उद्यमियों की सफलता की कहानियों के साथ-साथ उद्योग की नई तकनीकों, निर्यात संभावनाओं और सरकारी योजनाओं को भी स्थान दिया गया है।

कार्यक्रम का संचालन विकास चतुर्वेदी एवं आशीष गर्ग ने संयुक्त रूप से किया, जबकि व्यवस्थाएं अपरार्क शर्मा, दिलीप कुमार एवं सोनू ने संभालीं।