लघु उद्योग भारती व एसजीएसटी के संयुक्त कार्यक्रम में अधिकारियों से हुआ सीधा संवाद



उद्यमी संवाद में गूंजे जीएसटी सुधार के मुद्दे,उद्योगों ने रखीं व्यावहारिक मांगें

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। लघु उद्योग भारती,आगरा एवं राज्य कर विभाग (एसजीएसटी), आगरा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित "उद्यमी संवाद कार्यक्रम" में जीएसटी व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं, सुझावों एवं सुधार प्रस्तावों पर उद्यमियों और विभागीय अधिकारियों के बीच सार्थक चर्चा हुई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उद्योगपति, व्यापारी, कर विशेषज्ञ एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि राकेश गर्ग,अध्यक्ष,उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार उद्योगों के विकास, निवेश संवर्धन और रोजगार सृजन के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। उन्होंने नोडल अधिकारियों की व्यवस्था को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया,जिससे उद्यमियों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित हो सके।

लघु उद्योग भारती के जिलाध्यक्ष विजय गुप्ता ने उद्योगों की ओर से जीएसटी संबंधी प्रमुख समस्याओं एवं सुधार सुझावों का विस्तृत प्रत्यावेदन विभाग को सौंपा। उन्होंने कहा कि पुरानी टोल रिपोर्टों की मांग के स्थान पर उन्हें ई-वे बिल पोर्टल से स्वतः लिंक किया जाना चाहिए। साथ ही जीएसटी कंप्लायंस रेटिंग स्कोर प्रणाली लागू कर ईमानदार करदाताओं को प्रोत्साहन देने की आवश्यकता है।

उन्होंने बकाया ब्याज एवं पेनाल्टी की वसूली से पूर्व क्रेडिट लेजर से समायोजन,छोटी तकनीकी त्रुटियों पर भारी जुर्माने की समाप्ति तथा बकाया कर पर लागू 18 प्रतिशत ब्याज दर को युक्तिसंगत बनाने की मांग उठाई। विजय गुप्ता ने अपील के लिए अनिवार्य 10 प्रतिशत प्री-डिपॉजिट की सीमा कम करने तथा अपीलीय प्राधिकरणों को पुनः रिमांड की शक्ति देने की भी आवश्यकता बताई।

विशिष्ट अतिथि पंकज गांधी,एडिशनल कमिश्नर (ग्रेड-1), राज्य कर विभाग ने कहा कि स्थानीय स्तर की समस्याओं का यथासंभव त्वरित एवं सकारात्मक समाधान किया जाएगा। विभाग उद्यमियों के साथ समन्वय और सहयोग की भावना से कार्य करेगा तथा अनावश्यक उत्पीड़न रोकने के लिए प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम में सीए निखिल गुप्ता ने जीएसटी से संबंधित समस्याओं एवं सुझावों का प्रस्तुतीकरण किया। विभागीय अधिकारियों ने उद्यमियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए जीएसटी के विभिन्न प्रावधानों की जानकारी दी।

अंत में जिला महासचिव राजीव बंसल ने अतिथियों,अधिकारियों एवं उपस्थित उद्यमियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में प्रदेश सचिव मनीष अग्रवाल रावी, कोषाध्यक्ष संजीव जैन, सीए नितेश गुप्ता, सीए आलोक अग्रवाल, अंकुर अग्रवाल, अरविंद शुक्ला, उपाध्यक्ष दिनेश गुप्ता, शैलेश अग्रवाल, अनुज सिंघल सहित बड़ी संख्या में उद्यमी एवं व्यापारी मौजूद रहे।