हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। 10 जून,विश्व नेत्रदान दिवस के अवसर पर बुधवार को हेल्प आगरा की ओर से नेत्रदान संकल्प कार्यक्रम का आयोजन किया गया। हेल्प आगरा भवन, मोती कटरा में आयोजित इस कार्यक्रम में लोगों को नेत्रदान के प्रति जागरूक करते हुए मृत्योपरांत नेत्रदान के लिए संकल्प पत्र भरवाए गए।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने नेत्रदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए समाज में इसके प्रति फैली भ्रांतियों और गलत धारणाओं को दूर करने का प्रयास किया। हेल्प आगरा के अध्यक्ष सुरेंद्र जैन ने कहा कि मृत्यु के बाद अग्नि में विलीन होने वाली आंखों को सुरक्षित रखकर किसी दृष्टिहीन व्यक्ति के जीवन में रोशनी लाई जा सकती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे स्वयं नेत्रदान का संकल्प लें और अपने परिचितों को भी मरणोपरांत नेत्रदान के लिए प्रेरित करें।
महासचिव गौतम सेठ ने बताया कि नेत्रदान के लिए किसी अस्पताल जाने की आवश्यकता नहीं होती। सूचना मिलने पर नेत्रदान टीम स्वयं घर पहुंचकर कॉर्निया प्राप्त करने की प्रक्रिया पूरी करती है। उन्होंने कहा कि यह एक सरल लेकिन अत्यंत पुण्य कार्य है, जिससे किसी जरूरतमंद को नई दृष्टि मिल सकती है।
इस अवसर पर उपस्थित मरीजों के तीमारदारों तथा सेवारत स्टाफ ने भी नेत्रदान का संकल्प लेते हुए फार्म भरे। संकल्प पत्र भरने वालों में विष्णु यादव, नम्रता यादव (नामनेर) तथा जलज गोयल (मानपाड़ा) प्रमुख रहे।
कार्यक्रम में अशोक बंसल, नंदकिशोर गोयल, राजीव गुप्ता, डॉ. मुकुल अग्रवाल, डॉ. विशाल गुप्ता, सुनील प्रभाकर, मनीष गर्ग एवं जगवीर सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे और नेत्रदान के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।

