नेत्रदान के बाद डॉक्टरों की पढ़ाई के लिए रोशनलाल पंजवानी ने किया देहदान


हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। कमलानगर स्थित बालाजी नगर निवासी स्वर्गीय रोशनलाल पंजवानी (83), पुत्र स्व. लक्ष्मणदास पंजवानी के निधन के उपरांत उनके परिजनों ने समाज के समक्ष मानव सेवा का प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया। हेल्प आगरा के सहयोग से पहले उनकी कॉर्निया दान की गई और तत्पश्चात उनकी अंतिम इच्छा के अनुरूप उनका पार्थिव शरीर चिकित्सकीय शिक्षा हेतु एस.एन.मेडिकल कॉलेज को दान कर दिया गया।

बुधवार सायंकाल रोशनलाल पंजवानी के निधन के बाद परिवार की सदस्य डॉ. सुनीता पंजवानी ने एस.एन. हॉस्पिटल की नेत्र बैंक प्रभारी डॉ.शेफाली मजूमदार से संपर्क किया। 

हेल्प आगरा के सहयोग से डॉ. शेफाली मजूमदार के निर्देशन में ग्रीफ काउंसलर दीपक शर्मा एवं चिकित्सकीय टीम ने कॉर्निया प्राप्त की। इस नेत्रदान से दो नेत्रहीन व्यक्तियों के जीवन में उजाला होने की संभावना बनी है।

गुरुवार दोपहर लगभग 12 बजे रोशनलाल पंजवानी का पार्थिव शरीर उनके निवास से एम्बुलेंस द्वारा शवयात्रा के रूप में एस.एन. मेडिकल कॉलेज के एनाटॉमी विभाग लाया गया, जहां विभागाध्यक्ष डॉ. अंजली शर्मा को पार्थिव शरीर विधिवत सौंप दिया गया। यह देहदान मेडिकल विद्यार्थियों की शिक्षा एवं अनुसंधान कार्यों में सहायक होगा।

हेल्प आगरा के अध्यक्ष सुरेंद्र जैन, महासचिव गौतम सेठ एवं मीडिया प्रभारी नंदकिशोर गोयल ने नेत्रदान एवं देहदान करने वाले परिवार के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए समाज से अपील की कि लोग अपने जीवनकाल में नेत्रदान का संकल्प लें तथा अपने परिजनों को भी मृत्योपरांत नेत्रदान एवं देहदान के लिए प्रेरित करें।

नेत्रदान एवं देहदान से संबंधित जानकारी और संकल्प के लिए हेल्प आगरा के हेल्पलाइन नंबर 9319111000 पर संपर्क किया जा सकता है।