मण्डलायुक्त को यमुना आरती का आमंत्रण,फुट ओवरब्रिज की मांग पर नगर निगम को दिए निर्देश


                                     


हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। टीम रिवर कनेक्ट अभियान के प्रतिनिधि मंडल ने शुक्रवार को मण्डलायुक्त से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें प्रतिदिन आयोजित होने वाली यमुना आरती में शामिल होने का आमंत्रण दिया। प्रतिनिधि मंडल ने बताया कि यमुना आरती प्रतिदिन सायं 7 बजे यमुना आरती स्थल पर आयोजित होती है। इस पर मण्डलायुक्त ने कहा कि वह शीघ्र ही एक दिन आरती में अवश्य शामिल होंगे और तिथि का समन्वय फोन पर कर लिया जाएगा।

भेंट के दौरान यमुना से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर भी चर्चा हुई। इसी क्रम में मथुराधीश मंदिर के महंत ने मथुराधीश मंदिर से यमुना आरती स्थल तक पैदल श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए फुट ओवरब्रिज निर्माण की मांग रखी। मण्डलायुक्त ने इस प्रस्ताव पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए नगर आयुक्त को निर्देशित किया तथा अपने निजी सचिव से प्रस्ताव तत्काल नगर निगम को भेजने के लिए कहा।

प्रतिनिधि मंडल ने मण्डलायुक्त का आभार व्यक्त किया और विश्वास जताया कि वह शीघ्र ही यमुना आरती स्थल पर पहुंचकर मां यमुना की आरती में सहभागिता करेंगे।

प्रतिनिधि मंडल में देवाशीष भट्टाचार्य, आईएमए अध्यक्ष डॉ. हरेंद्र गुप्ता, नंदन श्रोत्रिय, चतुर्भुज तिवारी, ज्योति खंडेलवाल, निधि पाठक, विशाल झा, जगन प्रसाद तेहरिया, जुगल श्रोत्रिय एवं अभिनव श्रोत्रिय शामिल रहे।