वाहन टैग व्यवस्था के विरोध में व्यापारियों का प्रदर्शन,मंडी सचिव को सौंपा ज्ञापन




हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। कृषि उत्पादन मंडी समिति (गल्ला मंडी), यमुनापार में वाहन टैग व्यवस्था के विरोध में गुरुवार को श्री मोतीगंज खाद्य व्यापार समिति के नेतृत्व में व्यापारियों ने प्रदर्शन किया। व्यापारियों ने मंडी कार्यालय के बाहर नारेबाजी करते हुए मंडी समिति के सचिव अजय प्रताप सिंह को ज्ञापन सौंपकर व्यवस्था को तत्काल वापस लेने की मांग की।

समिति के अध्यक्ष महावीर प्रसाद मंगल ने कहा कि नई ऑनलाइन वाहन टैग व्यवस्था तकनीकी खामियों और जटिल प्रक्रिया के कारण व्यापारियों के लिए परेशानी का कारण बन गई है। इससे माल की आवक-जावक प्रभावित हो रही है और किसानों, व्यापारियों तथा परिवहनकर्ताओं को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

समिति के मंत्री शैलेन्द्र अग्रवाल (शालू) ने कहा कि यदि व्यवस्था जारी रखनी है तो पहले इसे सरल बनाया जाए, तकनीकी समस्याओं का समाधान किया जाए तथा व्यापारियों को पर्याप्त प्रशिक्षण दिया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर प्रदेशभर के व्यापारी आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।

ज्ञापन सौंपने के दौरान मयंक मंगल, लक्ष्मी नारायण अग्रवाल, राकेश खंडेलवाल, जयप्रकाश अग्रवाल, नरेश चंद्र गोयल, नवीन गोयल, नरेंद्र अग्रवाल, कपिल गर्ग, विशाल अग्रवाल, अखिल मंगल, पवन गोयल सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।